Chandigarh,25 November-:कांग्रेस ने हरियाणा में “वोट चोर गद्दी छोड़”अभियान के तहत दादरी में एक जनसभा आयोजित की,जिसमें पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची में हेरफेर के गंभीर आरोप लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। उन्होंने दिवंगत विमला देवी को श्रद्धांजलि देकर तथा गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस का स्मरण करते हुए संबोधन की शुरुआत की।
राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने “सुनियोजित षड्यंत्र के तहत जनादेश को प्रभावित कर अवैध सरकार बनाई”।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार राज्य में मतदाता सूचियों में व्यापक गड़बड़ियां दर्ज हुईं। राव ने दावा किया कि कई स्थानों पर फर्जी मतदाता बनाए गए,गलत पते पर वोट दर्ज किए गए और लोकसभा चुनावों में भी बड़ी संख्या में वोट हटाए गए।उन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई मशीनों की बैटरी स्थिति संदिग्ध पाई गई और मतदान प्रतिशत में अंतर दिखा।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को बूथ स्तर पर जागरूक करेगी ताकि मतदाता समझ सकें कि उनके अधिकारों का दुरुपयोग कैसे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई “लोकतंत्र और संविधान की रक्षा” के लिए है न कि केवल सत्ता के लिए।
सभा में दीपेंद्र हुड्डा ने भी भाजपा पर धनबल और संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप लगाए।उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा सरकारें बनी हैं,वे जनभावनाओं के अनुरूप नहीं बल्कि राजनीतिक दांव-पेच और संसाधनों के प्रयोग से बनी हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता प्राप्त करने और विपक्षी दलों की सरकारें गिराने के लिए अनुचित तरीकों का सहारा ले रही है।कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय पदाधिकारी,महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस, सेवादल और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
