धर्मशाला, राहुल -:धर्मशाला के मैकलोडगंज स्थित निवास पर तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को बुधवार को ग्रैमी अवॉर्ड औपचारिक रूप से भेंट किया गया। यह सम्मान प्रख्यात सरोद वादक और भारतीय शास्त्रीय संगीत के दिग्गज उस्ताद अमजद अली खान ने अपने दोनों पुत्रों अयान अली बंगश और अमान अली बंगश के साथ मुलाकात के दौरान प्रदान किया।
दलाई लामा से मुलाकात के बाद उस्ताद अमजद अली खान ने कहा कि ग्रैमी अवॉर्ड प्राप्त करना किसी भी कलाकार या व्यक्तित्व के लिए वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि सम्मान ग्रहण करते समय दलाई लामा बेहद प्रसन्न और उत्साहित दिखाई दिए। इस अवसर पर उन्होंने धर्मगुरु का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।अमजद अली खान ने अपने और दलाई लामा के चार दशक पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों के बीच लंबे समय से आत्मीयता और सम्मान का रिश्ता रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि दलाई लामा के 80वें जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने दिल्ली में विशेष संगीत प्रस्तुति भी दी थी।युवाओं के लिए संदेश देते हुए उस्ताद ने कहा कि जीवन में सफलता और संतुलन बनाए रखने के लिए सहनशीलता, धैर्य और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इन मूल्यों का महत्व और भी बढ़ गया है।इस दौरान अयान अली बंगश और अमान अली बंगश ने भी दलाई लामा से मुलाकात को अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि धर्मगुरु का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। दोनों ने कहा कि अवॉर्ड प्राप्त करते समय दलाई लामा के चेहरे पर विशेष खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
