दिल्ली (एकता): दिल्ली की जहरीली हवा सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। लोगों का राजधानी में सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। बता दें कि खतरनाक होते प्रदूषण स्तर को देखते हुए सोमवार को दिल्ली सरकार ने अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक सरकारी व निजी कार्यालय में काम करने वालों को घर से ही काम करने की सुविधा दी जा सकती है। पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। आज दिल्ली सरकार ने सुबह उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में दिल्ली सरकार, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली छावनी व निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की क्षमता को 50 फीसदी करने का फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा केंद्र सरकार को भी अपने कार्यालय में कर्मचारियों की संख्या आधा करने की सलाह दे सकती है।
लागू हो सकता है ऑड-ईवन नियम
वाहनों की संख्या को कम करने के लिए एक बार फिर से ऑड-ईवन नियम लागू हो सकता है। इस फैसले के बाद सड़कों पर चार-पहिया वाहनों की संख्या कम हो जाएगी। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए डीजल के ट्रकों के प्रवेश को बंद किया जाएगा। दिल्ली में राजमार्ग, सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, पावर ट्रांसमिशन, पाइपलाइन सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक परियोजनाओं में भी सी एंड डी गतिविधियों पर रोक लग सकता है।
