शिमला-:प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।सरकार ने आईजीएमसी शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा और श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की है। इन विभागों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यकतानुसार सहायक प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट के पद भी सृजित कर भरे जाएंगे।
इस पहल से प्रदेश के बुजुर्गों को उम्र से जुड़ी बीमारियों के निदान, उपचार और रोकथाम के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समग्र उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
जेरियाट्रिक मेडिसिन चिकित्सा विज्ञान की एक विशिष्ट शाखा है, जिसमें वृद्धावस्था में होने वाली बीमारियों के उपचार के साथ-साथ उम्र बढ़ने के कारण उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके तहत समय रहते बीमारियों की पहचान, उचित उपचार और उम्र से संबंधित दिव्यांगता की रोकथाम के लिए विशेष सेवाएं प्रदान की जाती हैं।इस चिकित्सा पद्धति में मरीज के केवल किसी एक अंग या बीमारी का उपचार करने के बजाय उसके संपूर्ण स्वास्थ्य, शारीरिक कार्यक्षमता, मानसिक स्थिति और सामाजिक जरूरतों को ध्यान में रखा जाता है। इसका प्रमुख उद्देश्य बुजुर्गों की जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना और उन्हें स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ती उम्र के साथ विभिन्न चिकित्सा एवं मनोवैज्ञानिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें विशेष देखभाल, भावनात्मक सहयोग और बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों चिकित्सा महाविद्यालयों में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित होने से बुजुर्ग मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा, बल्कि वे बेहतर और सम्मानजनक जीवन भी जी सकेंगे।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा संस्थानों को सुदृढ़ करने और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इन विभागों की स्थापना से वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित चिकित्सा अधोसंरचना विकसित होगी। साथ ही जेरियाट्रिक मेडिसिन के क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा प्रशिक्षण और दक्षता विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल प्रदेश के बुजुर्गों को संवेदनशील, व्यापक और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
