Dharamshala,13 August-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के नौशाहरा, बलडी, बोडूसरना, करेरी और आसपास के बरसात प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने पैदल यात्रा कर आपदा से हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
बलडी–धड़मोथा मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल का जायजा लेते हुए उन्होंने बताया कि पुल टूटने से धड़मोथा गांव का बलडी से संपर्क पूरी तरह कट गया है। मौके से ही उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को वीडियो कॉल कर स्थिति बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
सर्ना गांव में बरसात से मकान खो चुके प्रेम चंद को शाहपुर वेलफेयर सोसाइटी की ओर से 11,000 रुपये की आर्थिक मदद दी गई। घेरा बस अड्डे पर धंसती जमीन का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।करेरी पंचायत के जबली गांव में आठ घरों के क्षतिग्रस्त होने, गौशालाएं ढहने और मवेशियों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी प्रभावितों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने मौके पर ही प्रभावित परिवारों को शाहपुर वेलफेयर सोसाइटी से 11-11 हजार रुपये के चेक प्रदान किए।
