धर्मशाला,राहुल-:धर्मशाला जल्द ही टाउन प्लानिंग के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।इंस्टीट्यूट ऑफ टाउन प्लानर्स इंडिया (आईटीपीआई) ने धर्मशाला में अपना क्षेत्रीय कार्यालय, टाउन प्लानिंग आधारित स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट और गेस्ट हाउस स्थापित करने की इच्छा जताई है।यह जानकारी प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन,आवास,तकनीकी शिक्षा,व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने धर्मशाला में आयोजित आईटीपीआई की रीजनल कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दी।
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के टाउन प्लानर्स ने भाग लिया और शहरी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि धर्मशाला में प्रस्तावित संस्थानों की स्थापना से न केवल टाउन प्लानिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षण और शोध को बढ़ावा मिलेगा,बल्कि शहर में नई गतिविधियों और रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।राजेश धर्माणी ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही कई सरकारी कार्यालयों को शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित कर चुकी है। इसके साथ ही कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और करीब 2022 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में धर्मशाला प्रशासनिक, शैक्षणिक और शहरी नियोजन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।
