सोलन : योगेश शर्मा ( TSN)- जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र परवाणु में डायरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार उपचार के लिए मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं और औद्योगिक क्षेत्र परवाणु में अबतक करीब 250 लोग डायरिया से ग्रसित हो चुके हैं। जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो चुका है।
अस्पताल में भर्ती मरीजों का उपचार किया जा रहा है वहीं फील्ड में लोगों को अब जागरुक करने के लिए आशा वर्करों की ड्यूटी लगाई गई है। यह आशा वर्कर घर-घर जाकर ओआरएस और जिंक की गोलियां भी लोगों को दे रहे है ताकि डायरिया पर रोक लगाई जा सके।अचानक एक साथ इतने मामले बढ़ने के बाद लगातार स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर प्लान तैयार कर रहा है और पानी के सैंपल भी भरे जा रहे हैं क्योंकि औद्योगिक क्षेत्र परवाणु में टैंकरों के माध्यम से भी पानी की सप्लाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने आशंका जताई है कि इस पानी को पीने से भी लोग पीड़ित हो सकते हैं.वहीं अब डायरिया की रोकथाम के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। घर-घर पहुंचकर यह टीमें लोगों को डायरिया से बचाव के प्रति जागरूक कर रही है।
ORS का घोल लेने और जंक फूड न खाने की अपील
सीएमओ सोलन डॉ. राजन उप्पल ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि लगातार जिला के परवाणु में पेट दर्द, उल्टी, दस्त से पीड़ित मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं और डायरिया से ग्रसित वे लोग हैं ऐसे में लगातार इन लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।इसी के साथ पानी के सैंपल भी लिफ्ट किए जा रहे हैं क्योंकि परवाणु क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से भी पानी सप्लाई की जा रही है। वहीं हिमुडा कॉलोनी जो पानी की सप्लाई औद्योगिक क्षेत्र परवाणु में करती है उसके सैंपल भी लिए जा रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि किन कारणों से यह डायरिया फैल रहा है।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वह पानी उबालकर पिए, लगातार हाथों को धोते रहें और ओआरएस का घोल लें यदि दस्त मरीज को लगाते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि लोगों को खान-पान में जंक फूड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और किसी भी तरह से पेट दर्द उल्टी और दस्त होने पर अस्पताल का रुख करना चाहिए।
