पलवल : चन्द्रिका ( TSN)- नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हरियाणा के प्रिंटिंग और स्टेशनरी मंत्रालय में राज्य मंत्री संदीप सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेगें। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लेकर रिहर्सल की गई। इस अवसर पर नगराधीश द्विजा और जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल,जिला खेल अधिकारी अनिल कुमार,जसवीर तेवतिया भी मौजूद थे।
समारोह में ये होगा खास…नगराधीश ने लिया तैयारियों का जायजा
पलवल में जिला स्तर पर स्थानीय नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह-2024 का आयोजन किया जाएगा। समारोह में स्कूली बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां व विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों व योजनाओं से संबंधित झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समारोह को सफलतापूर्वक मनाने के उद्देश्य से नगराधीश द्विजा ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने हरियाणवी और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नगराधीश द्विजा ने कहा कि 24 जनवरी को स्थानीय नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल (अंतिम पूर्वाभ्यास) की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से समारोह में निकाली जाने वाली झांकियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाले स्कूली बच्चों को लाने व लेकर जाने के लिए रोडवेज की बसों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में 5 स्कूलों की टीमों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा 10 झांकियों को शामिल किया गया है।
