शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम शिमला द्वारा ‘ग्रीन शिमला,अवर शिमला’ पौधरोपण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ परिसर में पौधा लगाकर किया। यह विशेष अभियान एक सप्ताह तक चलेगा,जिसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि इस वर्ष अभियान के तहत 5,000 से 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान का तीसरा वर्ष है और पिछले दो वर्षों में लोगों का सहयोग उत्साहजनक रहा है। बीते वर्ष नगर निगम ने चमियाना पहाड़ी क्षेत्र को गोद लेकर लगभग 3,000 पौधे लगाए थे, जिनमें अधिकांश पौधे सुरक्षित और विकसित हो रहे हैं।इस वर्ष भी उसी क्षेत्र में 3,000 अतिरिक्त पौधे लगाने की योजना बनाई गई है।अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम के पार्षदों को बान और देवदार के पौधे वितरित किए, ताकि शहर के विभिन्न वार्डों में अधिक से अधिक हरियाली विकसित की जा सके। नगर निगम का मानना है कि जनभागीदारी के साथ चलाया जा रहा यह अभियान शिमला के पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
