हमीरपुर, अरविन्द सिंह ( TSN)- हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिकों को 75 विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी प्रदान की जाएगी। इसके लिए योग्य पूर्व सैनिकों को पैनल तैयार करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। साक्षात्कार में प्रमाण पत्रों की जांच के बाद अब पैनल बनाए जाएंगे। इसके लिए तय मापदंडों का प्रयोग किया जा रहा है।
पूर्व सैनिक रोजगार सेल ने शुरू की पैनल बनाने की प्रक्रिया
माना जाता है कि सिनियोरिटी के आधार पर पूर्व सैनिकों को सरकारी विभागों में तैनाती दी जाएगी। शिक्षा विभाग से लेकर अन्य कई सरकारी विभागों में पूर्व सैनिकों के कोटे के आधार पर मिले पदों पर पूर्व सैनिकों को तैनाती दी जानी है। पैनल की प्रक्रिया को पूरा करने में कुछ समय तो जरूर लग जाएगा लेकिन बहुत जल्द पूर्व सैनिक सरकारी विभागों में ड्यूटी देते नजर आएंगे। अब तक पूर्व सैनिक रोजगार सैल की तरफ से पांच पैनल तैयार किए जा रहे हैं। इन पैनल में शिक्षा विभाग में ही विभिन्न पदों पर नौकरी के तय नियमों को पूरा किया जा रहा है।
सिनियोरिटी के आधार पर नौकरी देने का खाका हो रहा तैयार
पूर्व सैनिक रोजगार सेल के अधिकारी रविंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रमाण पत्रों की जांच की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है।अब पूर्व सैनिकों का पैनल तैयार करने की प्रक्रिया को शुरू किया गया है।इस प्रक्रिया के तहत पैनल तैयार कर सिनियोरिटी के आधार पर पूर्व सैनिकों को विभिन्न सरकारी विभागों में तैनाती दी जाएगी। पैनल तैयार होने के बाद पहले चरण में नौकरी के लिए योग्य पूर्व सैनिकों का डाटा संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। उसके उपरांत पूर्व सैनिक सरकारी विभागों में ज्वाइनिंग देंगे।
