Bilaspur, Subhash-हिमाचल प्रदेश के पांच प्रमुख जलाशयों—गोबिंदसागर, पौंग डैम, कोलडैम, चमेरा और रणजीत सागर—में 15 जून से 15 अगस्त तक मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय मछलियों के प्राकृतिक प्रजनन काल के संरक्षण के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रजनन काल में संरक्षण को लेकर मत्स्य निदेशालय ने जारी किए निर्देश
मत्स्य निदेशालय बिलासपुर के उप निदेशक विवेक कुमार ने जानकारी दी कि इस अवधि में न केवल मछली पकड़ने, बल्कि उसकी खरीद-फरोख्त, आयात-निर्यात पर भी कड़ी रोक रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर तीन साल तक की कैद और जुर्माने का प्रावधान है।निदेशालय इस दौरान विशेष निगरानी कैंप भी आयोजित करेगा, जहां वैज्ञानिक तरीकों से मछलियों के प्रजनन को बढ़ावा दिया जाएगा। क्षेत्रीय अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है, और औचक निरीक्षण भी होंगे ताकि किसी तरह की अवैध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।विवेक कुमार ने स्थानीय मछुआरों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह कदम भविष्य में स्थायी और समृद्ध मत्स्य पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
