Shimla,3 November-:चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हंसराज पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर विधायक से अपनी जान को खतरा बताया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए चंबा एसपी से रिपोर्ट तलब की है और युवती को सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने विधायक हंसराज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। “मैंने चंबा एसपी से बात की है और पूरी रिपोर्ट मांगी है। साथ ही जनवादी महिला समिति ने भी आयोग को शिकायत पत्र सौंपा है, जिसे आगे जांच के लिए चंबा पुलिस को भेजा गया है ।विद्या नेगी ने कहा कि आयोग ने एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि युवती को जान का खतरा है तो तत्काल सुरक्षा दी जाए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में भी विधायक हंसराज पर अश्लील चैट करने के आरोप लगे थे। उस समय युवती ने पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन बाद में वह शिकायत वापस ले ली गई थी। अब युवती ने दोबारा सोशल मीडिया पर आरोप लगाते हुए विधायक, उनकी पत्नी और स्थानीय पुलिस पर भी सवाल उठाए हैं।
