Chandigarh,3 November-:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की 59 वर्षों की विकास यात्रा इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा ने सम्पन्नता और खुशहाली की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा समृद्धि,नवाचार और संतुलित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री सोमवार को सेक्टर-5, यवनिका गार्डन में आयोजित 60वें हरियाणा दिवस के तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव एवं प्रदर्शनी के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह उत्सव केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि “हरियाणा की आत्मा का उत्सव” है, जिसमें राज्य की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विकास यात्रा का सुंदर प्रदर्शन हुआ।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज देश की जीडीपी में 3.6 प्रतिशत योगदान देता है और प्रति व्यक्ति आय के मामले में बड़े राज्यों में सबसे आगे है। प्रदेश का निर्यात अब 2.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि हर गांव पक्की सड़कों से जुड़ा है, हर घर में नल से जल पहुँच रहा है और हरियाणा आज ऑटोमोबाइल, आईटी और शिक्षा का बड़ा केंद्र बन चुका है।
उन्होंने बताया कि नवंबर का महीना उत्सवों का माह है — हरियाणा दिवस, गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव और गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस जैसे कार्यक्रम प्रदेश में आध्यात्मिकता और संस्कृति का संगम लेकर आएंगे।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता कलाकारों को सम्मानित किया और प्रदेशवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।
