अंबाला : हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पंजाब में हो रहे ब्लास्ट को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विज ने कहा कि अगर भगवंत मान अपने आरोप साबित नहीं कर सकते तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान की बयानबाजी और AIMIM नेता वारिस पठान के विवादित बयान पर भी जवाब दिया।
ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर अनिल विज ने कहा कि अब देश में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने कहा कि वह दौर खत्म हो चुका है जब आतंकी घटनाओं के बाद केवल श्रद्धांजलि देकर जिम्मेदारी पूरी कर ली जाती थी। विज ने कहा कि अब देश में मोदी सरकार है और भारत पर बुरी नजर डालने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
पाकिस्तान की ओर से दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि पाकिस्तान का दूसरा नाम “झूठीस्तान” है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले भी झूठी कहानियां और फिल्में बनाकर अपने लोगों को गुमराह करता आया है, लेकिन पूरी दुनिया सच्चाई जानती है।
भगवंत मान के बयान पर पलटवार करते हुए विज ने कहा कि एक मुख्यमंत्री और गृह मंत्री होने के नाते उन्हें अपने आरोपों के सबूत देने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर वे आरोप सिद्ध नहीं कर सकते तो उन्हें तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
AIMIM नेता वारिस पठान के वंदे मातरम को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि वंदे मातरम देश का राष्ट्रीय गीत है और उसका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
