अंबाला -:हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में आज अंबाला रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबाला के भड़ोग में भारी मात्रा में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किया। अंबाला रेंज के IG पंकज नैन की मौजूदगी में अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों में पकड़े गए ड्रग्स को कानूनी प्रक्रिया के तहत खत्म किया गया। इस दौरान तीनों जिलों के SP भी मौजूद रहे। IG पंकज नैन ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा खेल और मेहनत की धरती है, इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगानी चाहिए। साथ ही उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी दी कि अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ उनकी संपत्ति भी अटैच की जाएगी।
हरियाणा पुलिस के विशेष एंटी-ड्रग अभियान के तहत अंबाला रेंज पुलिस ने पिछले छह महीनों में विभिन्न NDPS मामलों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए थे। इन्हीं मामलों में जब्त किए गए ड्रग्स को आज अंबाला के भड़ोग में नष्ट किया गया।IG अंबाला रेंज पंकज नैन ने बताया कि पिछले एक साल में यह तीसरी बार है जब बड़े स्तर पर मादक पदार्थों को नष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि आज 436 मामलों में जब्त किए गए अलग-अलग प्रकार के नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया, जिनका कुल वजन 30 क्विंटल से अधिक था।IG ने कहा कि भले ही इन मादक पदार्थों की कीमत करोड़ों में आंकी जाती हो, लेकिन वास्तव में इनकी कोई कीमत नहीं क्योंकि ये समाज और परिवारों को बर्बाद करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से कई परिवार तबाह हुए हैं और युवा गलत रास्ते पर जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि अंबाला रेंज पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और नशे के कारोबार से बनाई गई संपत्तियों को भी अटैच किया जा रहा है।
