करनाल(TSN): करनाल से चंडीगढ़ तक का सफर वैसे तो रोज़ाना ही सैकड़ो लोग बस के माध्यम से करते हैं, लेकिन रविवार के दिन इस रूट पर चलने वाली हरियाणा रोडवेज की एक बस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह सफर खास बन गया। इसके पीछे की वजह रही हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का अन्य यात्रियों के साथ मिलकर हरियाणा रोडवेज की बस में सफर करना।
रविवार को मुख्यमंत्री जब चंडीगढ़ जा रहे थे तो उन्होंने यह सफर अपनी गाड़ी से नहीं बल्कि बस से करने का फ़ैसला किया। फिर क्या था मुख्यमंत्री करनाल से चंडीगढ़ आते हुए बस में सवार हुए। उन्होंने हरियाणा रोडवेज़ की बस से टिकट लेकर यात्रियों के साथ अंबाला कैंट तक सफर किया।
इस दौरान वह बस में खड़े होकर सफर करते हुए नज़र आए। मुख्यमंत्री ने बस में सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत भी की ओर यात्रियों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बस के कंडक्टर से भी बात कर ई- टिकटिंग की व्यवस्था को भी समझा।
बस में मुख्यमंत्री को सफर करता देख लोग भी बेहद खुश नज़र आए ओर लोग कैमरे में मुख्यमंत्री का वीडियो बनाते नज़र आए। यात्रियों ने अपने फोन से अपने परिजनों से भी मुख्यमंत्री की बात करवाई। इस दौरान उन्होंने एक स्थानीय ढाबे में रुककर आम लोगों से भी मुलाकात की।
