बिलासपुर, सुभाष ठाकुर ( TSN)- दीपावली पर्व के मद्देनजर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने स्पेशल बसें चलाने के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है। 29 और 30 अक्तूबर को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी इत्यादि के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। दरअसल, फोरलेन बन जाने के बाद निगम ने इस बार त्यौहारी सीजन के लिए भगेड़, घुमारवीं और जाहू चिन्हित कर लिए हैं,जहां से बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए निगम प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। जिन जगहों पर ज्यादा हिमाचली बसे हुए हैं वहां के लिए बसें चलेंगी।
एचआरटीसी प्रबंधन ने त्यौहारी सीजन के लिए बनाया योजना का खाका
बिलासपुर डिपो में कार्यरत डिप्टी डीएम विवेक लखनपाल ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दीपावली सीजन के लिए विशेष बसें चलाने के लिए योजना का खाका बनाया गया है जिसके तहत चंडीगढ़, दिल्ली व बद्दीं इत्यादि के लिए स्पेशल बसें चलेंगी क्योंकि इन्हीं जगहों पर ज्यादातर हिमाचली लोग रहते हैं। यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी पेश न आए इसके लिए फोरलेन पर भगेड़ से बसें चलेंगी, जबकि घुमारवीं व जाहू और बिलासपुर से भी बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 अक्तूबर को 10 बसें चलाई जाएंगी जिसके तहत दिल्ली को 2 जबकि चंडीगढ़ और बददीं के लिए 4-4 बसें चलेंगी। इसी प्रकार 30 अक्तूबर को 24 बसें दिल्ली, चंडीगढ़ और बददीं के लिए चलेंगी। इसमें दिल्ली के लिए 4 बसें जाएंगी, जबकि चंडीगढ़ बददीं के लिए 10-10 बसें जाएंगी। खास बात यह है कि वापसी में यह बसें यात्रियों को उनके घरद्वार पर छोड़कर आएंगी। वापसी में हमीरपुर, सुंदरनगर और मंडी तक बसें जाएंगी। यात्रियों की सहूलियत के लिए यह सुविधा प्रदान की गई है।
