Shimla,29June-हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।पशुपालन विभाग में 500 पशु मित्रों की भर्ती को मंजूरी दी गई है,जिन्हें ₹5,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। साथ ही,लोक निर्माण विभाग के मल्टी टास्क कर्मियों के मानदेय में ₹500 की बढ़ोतरी की गई है।
हर पंचायत में आपदा प्रबंधन यूनिट
कैबिनेट ने राज्य की प्रत्येक पंचायत में आपदा प्रबंधन यूनिट की स्थापना का भी फैसला लिया है,जिससे आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को सुदृढ़ किया जा सकेगा।इसके अलावा,पे मैट्रिक्स 11 के अंतर्गत आने वाले पदों को ग्रुप ‘बी’ से ग्रुप ‘सी’ में पुनर्वर्गीकृत करने की स्वीकृति भी दी गई है।
दुग्ध प्रोत्साहन योजना’ लागू करने का निर्णय
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने जानकारी दी कि HPTDC के प्रबंध निदेशक का कार्यालय अब धर्मशाला स्थानांतरित किया जाएगा, हालांकि आउटसोर्स कर्मचारी वहीं कार्यरत रहेंगे।दुग्ध उत्पादकों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ‘दुग्ध प्रोत्साहन योजना’ लागू करने का निर्णय लिया है।इसके तहत पात्र गैर-सरकारी डेयरी सहकारी समितियों को दूध देने वाले किसानों को ₹2,500 प्रतिमाह अनुदान दिया जाएगा और DBT मोड से ₹3 प्रति लीटर की सहायता भी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त,देहरा जिला पुलिस लाइन में विभिन्न श्रेणियों के 101 नए पद सृजित करने और भरने की स्वीकृति दी गई है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में 100 किलोवाट से 1 मेगावाट तक और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में 250 किलोवाट से 2 मेगावाट तक की परियोजनाओं पर ब्याज अनुदान दिया जाएगा। जनजातीय क्षेत्रों में यह अनुदान 5% और अन्य क्षेत्रों में 4% होगा।
हाल ही में हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदाओं के कारण राज्य को अब तक ₹300 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि 17 लोगों की जान जा चुकी है। भारी बारिश के कारण प्रदेश में अभी भी 37 सड़कें अवरुद्ध हैं।
