Dharamshala-हिमालयी ट्रैकिंग रूट पर लापता हुए 27 वर्षीय प्रोफेशनल ट्रैकर नितिन शर्मा की खोज अब तकनीक के सहारे और तेज़ की जा रही है। जिला कांगड़ा पुलिस ने मंडी से थर्मल इमेजिंग कैमरा मंगवाकर एसडीआरएफ टीम को सौंप दिया है,जिससे खोज अभियान को नई ऊर्जा मिली है।
नितिन,जो 14 जून को आदि हिमानी चामुंडा ट्रैक के लिए निकले थे,तब से लापता हैं।उनकी खोज में लगी पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ट्रैकर्स की टीमें अब तक अर्जुन डल लेक से आगे तक अभियान चला चुकी हैं,लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
तकनीक बनी उम्मीद की किरण
एक सेना अधिकारी के सुझाव पर पुलिस ने थर्मल इमेजिंग (टीआई) कैमरा तैनात किया है।यह कैमरा इंसानी शरीर से निकलने वाली ऊष्मा को इन्फ्रारेड के ज़रिए पहचान कर दृश्य छवि में बदलता है,जिससे धुंध,अंधेरे और घने जंगलों में भी तलाश संभव हो पाती है।
प्राकृतिक चुनौतियों के बीच जारी है तलाश
बारिश और घनी धुंध के चलते अभियान में रुकावटें आ रही हैं, लेकिन टीमें डटी हुई हैं। बुधवार को एक स्थानीय ट्रैकर्स की टीम को भी सर्च ऑपरेशन में शामिल किया गया।
सुरक्षा एजेंसियों का साझा प्रयास
एसडीआरएफ की दो टीमें अब हिमानी चामुंडा क्षेत्र में सक्रिय हैं। थर्मल इमेजिंग कैमरा मिलने से उम्मीद जगी है कि नितिन का कोई सुराग जल्द ही मिल सकेगा।
