जगाधरी (यमुनानगर)-: पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) की यमुनानगर जिला इकाई ने महत्वपूर्ण पहल की।शुक्रवार को मुख्य पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, जगाधरी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों को संगठन की ओर से निशुल्क 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं। इसके साथ ही पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस तथा कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं ग्रीवेंस रिड्रेसल टू सीएम भोपाल सिंह खदरी ने की, जबकि हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश गर्ग मुख्य अतिथि और यमुनानगर के एसएसपी कमलदीप गोयल विशेष अतिथि रहे। कार्यक्रम में पत्रकार कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, बदलती पत्रकारिता, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु :
भोपाल सिंह खदरी ने एमडब्ल्यूबी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। पत्रकार जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकारी नीतियों और योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाते हैं।उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध करवाना केवल आर्थिक सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में मानवीय प्रयास है। उन्होंने एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी द्वारा पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और भरोसा दिलाया कि पत्रकार कल्याण से जुड़े विषयों में सरकार की ओर से सहयोग की संभावना होने पर वह अपने स्तर पर प्रयास करेंगे।खदरी ने यमुनानगर से अपने आत्मीय संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि जल्द ही यमुनानगर में आयोजित होने वाले एसोसिएशन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन की पुष्टि होने की संभावना है।
प्रदीप शर्मा के परिवार को सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे
भोपाल सिंह खदरी ने दिवंगत पत्रकार प्रदीप शर्मा के परिवार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसी पत्रकार के असमय निधन के बाद उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर धरणी के माध्यम से उन्हें प्रदीप शर्मा के परिवार की स्थिति की जानकारी मिली है।उन्होंने कहा कि वह एडवोकेट मुकेश गर्ग के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदीप शर्मा के परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का अनुरोध करेंगे।
सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता पर जोर
मुख्य अतिथि एडवोकेट मुकेश गर्ग ने पत्रकारों से सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि मीडिया समाज को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने कहा कि नकारात्मक घटनाओं को अधिक ध्यान मिलना स्वाभाविक है,लेकिन समाज में होने वाले सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों को सामने लाना भी पत्रकारिता की जिम्मेदारी है।उन्होंने पत्रकारों से समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गलत या भ्रामक समाचार समाज में तनाव और विवाद का कारण बन सकते हैं।मुकेश गर्ग ने एमडब्ल्यूबी की बीमा पहल की सराहना करते हुए इसे पत्रकारों और उनके परिवारों के कठिन समय में सहारा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने भी प्रदीप शर्मा के परिवार को सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष आग्रह करने की बात कही।
बीमा सुरक्षा को और बढ़ाया जाए
एसएसपी कमलदीप गोयल ने पत्रकारों की जोखिमपूर्ण कार्यशैली को देखते हुए उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार कई बार जोखिम उठाकर घटनास्थल पर पहुंचते हैं और दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके साथ-साथ उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा भी जरूरी है।
उन्होंने एमडब्ल्यूबी अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी को सुझाव दिया कि भविष्य में पत्रकारों को मिलने वाली बीमा राशि को और बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को वापस लाना संभव नहीं, लेकिन उसके परिवार की आर्थिक परेशानियों को कम करने के प्रयास जरूर किए जा सकते हैं।
पत्रकारों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं
एमडब्ल्यूबी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि एसोसिएशन पत्रकारों से सदस्यता के नाम पर कोई पैसा नहीं लेती। संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में कल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाना है।उन्होंने बताया कि पत्रकारों को निशुल्क 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसी और 10-10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस और फैमिली शील्ड पॉलिसी की सुविधा भी उपलब्ध है।
धरणी ने बताया कि अब तक एसोसिएशन की ओर से पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता पर करीब 38 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। बीमारी की स्थिति में आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ पत्रकारों की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनके परिवारों की मदद भी की गई है। कई मामलों में सरकारी स्तर पर सहायता दिलाने के लिए भी संगठन ने प्रयास किए हैं।
एआई पत्रकारिता को बनाएगा अधिक प्रभावी
कार्यक्रम में मनमोहन सिंह ने पत्रकारिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में एआई पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण टूल बन चुका है। इसका जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग समाचारों की तैयारी, शोध, सूचना विश्लेषण और कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद कर सकता है।उन्होंने कहा कि पत्रकार यदि एआई तकनीक को सही तरीके से समझकर उसका उपयोग सीखें तो यह पत्रकारिता को आसान बनाने के साथ-साथ आय का अतिरिक्त माध्यम भी बन सकती है। हालांकि, उन्होंने तथ्य-जांच और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की जरूरत पर भी जोर दिया।
पत्रकारों को सौंपी गईं बीमा पॉलिसियां
कार्यक्रम के दौरान यमुनानगर जिले के पत्रकारों को निशुल्क दुर्घटना बीमा पॉलिसियां सौंपी गईं। पत्रकारों ने एसोसिएशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बीमा सुरक्षा उनके साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा है।इस अवसर पर एमडब्ल्यूबी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी, महासचिव सुरेंद्र मेहता, कोषाध्यक्ष तरुण कपूर, मेवा सिंह राणा, जिलाध्यक्ष देवदास शारदा, अवतार चुघ, नरेश उप्पल, कुलवंत सिंह, राकेश भारती, तिलक भारद्वाज, रंजना वर्मा, रजनी सोनी, सर्वजीत बावा, नरेंद्र बक्शी, अरविंद शर्मा, अंबाला से राजीव ऋषि, पीयूष जैन सहित अन्य पदाधिकारी, पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के समापन पर पत्रकारों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने तथा संगठन, पत्रकार समुदाय, प्रशासन और सरकार के बीच सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
