रामपुर बुशहर-:अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का समापन समारोह शनिवार को पारंपरिक उत्साह,उल्लास और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।समारोह में प्रदेश सरकार के राजस्व, बागवानी,जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।इस दौरान उन्होंने लवी मेले के ऐतिहासिक मंच से रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जनसेवा के योगदान को याद किया।राजस्व मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय नंद लाल का निधन रामपुर की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में क्षेत्र की जनता के बीच विशेष स्थान बनाया। उनके कार्य और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद किए जाते रहेंगे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला बुशहर रियासत की गौरवशाली विरासत और सदियों पुराने पारंपरिक व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। भारत और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े इस मेले में कभी ऊन,पश्मीना, नमक और सूखे मेवों का प्रमुखता से व्यापार होता था।आज यह आयोजन हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति,हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ वन अधिकार अधिनियम (एफआरए)-2006 के प्रावधानों और इसके तहत लोगों को मिलने वाले अधिकारों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने मेले में आयोजित विभागीय प्रदर्शनियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को सम्मानित किया। विभागीय प्रदर्शनी में ‘लवी इतिहास के झरोखे’ ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पशुपालन एवं कृषि विभाग संयुक्त रूप से दूसरे और बागवानी एवं वन विभाग संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं,हस्तशिल्प,हथकरघा एवं कलाकृतियों की प्रदर्शनियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने विभिन्न प्रदर्शनियों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों,हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाकृतियों की सराहना की।इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल पर पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।इससे पूर्व उपायुक्त एवं अध्यक्ष अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।उन्होंने मेले के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।समापन समारोह में सरस्वती स्वर संगम धर्मशाला,शुभम कला मंच नादौन (हमीरपुर),उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनजेडसीसी) के माध्यम से पहुंचे राजस्थान के लोक कलाकारों तथा झंकार म्यूजिकल ग्रुप सोलन के कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों और पारंपरिक संगीत ने समारोह में चार चांद लगा दिए तथा दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
