अंबाला-:महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। हरियाणा के अपने ब्रांड वीटा ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अमूल, मदर डेयरी और वेरका के बाद अब वीटा ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। 14 नवंबर से नई कीमतें लागू हो गई हैं। सुबह जब लोग दूध खरीदने बूथों पर पहुंचे तो बढ़े हुए दाम सुनकर उनके चेहरे पर नाराजगी नजर आई। लोगों का कहना है कि दूध उनकी रोजमर्रा की जरूरत है, ऐसे में कीमतें बढ़ने के बावजूद उन्हें दूध खरीदना ही पड़ेगा।
अंबाला समेत पूरे हरियाणा में वीटा का दूध अब महंगे दामों पर मिलेगा। इससे पहले अमूल, मदर डेयरी और वेरका ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी और अब वीटा ने भी अपने दाम बढ़ा दिए हैं। वीटा बूथ संचालक के मुताबिक दूध की अलग-अलग वैरायटी पर एक से लेकर दो-तीन रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि डिस्ट्रीब्यूटर की ओर से नई कीमतों की जानकारी दी गई है और अब बूथों पर भी बढ़े हुए दाम वसूले जा रहे हैं।दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों की रसोई के बजट पर पड़ने वाला है। लोगों का कहना है कि दूध महंगा होने से चाय, दही, पनीर और मिठाई जैसी रोजमर्रा की चीजों पर भी असर पड़ेगा। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि दूध ऐसी जरूरत है, जिसके बिना घर का काम नहीं चल सकता। इसलिए कीमतें बढ़ने के बावजूद उन्हें दूध खरीदना ही पड़ेगा। दूध लेने पहुंची महिलाओं ने भी बढ़े हुए दामों पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि अचानक कीमतें बढ़ने से घर का मासिक बजट बिगड़ना तय है।
