शिमला : चन्द्रिका ( TSN)- लोकसभा चुनाव और प्रदेश में उप चुनाव को लेकर पक्ष विपक्ष अपनी अपनी उपलब्धियां गिना रहा है, तो वहीं एक दूसरे पर जुबानी ह*मले किए जा रहे हैं. भाजपा हर मोर्चे पर प्रदेश कांग्रेस सरकार को घेर रही हैं.इस कड़ी में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दी हुई गारंटी को चौबीस कैरेट सोने जैसी खरी बताया है। जबकि कांग्रेस के घोषणापत्र को सिर्फ़ झूठ का पुलिंदा करार दिया है। उन्होंने आज सराज के थुनाग में कहा कि एक तरफ इंडी गठबंधन सिर्फ़ नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए नित नए दावे कर रहा है जबकि दूसरी तरफ़ भाजपा 2047 तक विकास का खाका तैयार कर चुकी है।
पांच साल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की गारंटी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में आने वाले पांच साल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की गारंटी दी गई है। अगले पांच साल तक मुफ्त राशन, पानी, गैस कनेक्शन और पीएम सूर्यघर से जीरो बिजली बिल आयेंगे जबकि आयुष्मान भारत योजना से पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सुविधा जारी रहेगी। मध्यम वर्ग परिवारों के लिए पक्के घर और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लागू होगी, युवाओं के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, इन्वेस्टमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, हाई वैल्यू सर्विसेज, स्टार्टअप और टूरिज्म और खेल के जरिये लाखों रोजगार के अवसर मिलेंगे। यही नहीं नारी तू नारायणी के तहत आगे 3 करोड़ लखपति दीदी बनाएंगे। महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप को सर्विस सेक्टर से जोड़कर नए रोजगार के अवसर देने का प्रण लिया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू कर अब 33 प्रतिशत आरक्षण संसद और विधानसभा में भी होगा।
विक्रमादित्य सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए पूछा ये सवाल
जयराम ठाकुर ने मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि आपदा में कंगना रनौत कहां थी और उन्होंने क्या दिया, उन्हें भी ये जवाब देना होगा कि जब आपदा में कुल्लू से मंडी तक सात पुल बहे तो आप बताएं कि बतौर लोक निर्माण मंत्री आपने कितने तैयार किए। सच्चाई तो ये है कि आपने अभी तक एक पुल तक नहीं बनाया। पंडोह और कुनका तर पुल की आखिर नौ माह बाद भी क्यों सुध नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि आपदा में राहत बांटने के नाम पर सबसे बड़ा घोटाला हुआ है। कांग्रेस पार्टी से संबंधित जिन लोगों का मात्र आंशिक नुकसान हुआ है उन परिवारों को पूरा मुआवजा बांटा गया और जिन भाजपा से संबंधित लोगों के पूरे के पूरे घर तबाह हुए उन्हें आज तक मुआवजे और रिपोर्ट के लिए इंतज़ार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को इन चुनावों में इसका खामियाजा भुगतना ही पड़ेगा।
