कैथल,9 अप्रैल -: कैथल जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस द्वारा संदिग्ध नशा व शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान थाना कलायत, पूंडरी और राजौंद क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।स्पेशल कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 4 आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की। इनमें से एक आरोपी वर्ष 2020 के लड़ाई-झगड़े के मामले में फरार चल रहा था।
कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी से जुड़े 3 मामलों में पुलिस ने कुल 164 बोतल अवैध शराब और लगभग 770 लीटर लाहण बरामद किया।डीएसपी रोहतास ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों व नशा तस्करों में डर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस कैथल को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।उन्होंने आगे बताया कि पुलिस द्वारा न केवल सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, बल्कि आमजन को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे किसी भी प्रकार के नशा तस्कर या अपराधी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है और ऐसी संपत्ति को जब्त (अटैच) किया जाएगा।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बिना डर के नशा तस्करों के खिलाफ जानकारी दें, क्योंकि ऐसे अपराधियों की सही जगह केवल जेल है।
