अंबाला, 9 अप्रैल-:अंबाला से बड़ी खबर सामने आई है, जहां हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के इंडस्ट्रियल एरिया को बाढ़ के पानी से सुरक्षित करने के लिए एक अहम परियोजना की शुरुआत की। इस परियोजना के तहत करीब 10 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से इंडस्ट्रियल एरिया के चारों ओर मजबूत कंक्रीट की दीवार बनाई जाएगी।
मंत्री अनिल विज ने बताया कि वे 1970 से इस क्षेत्र को देख रहे हैं और हर साल बरसात के दौरान यहां के उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि अब व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया जा रहा है।इस दीवार को विशेष रूप से मजबूत बनाया जाएगा, जो जमीन से लगभग 8 फुट ऊपर और 14 फुट नीचे तक होगी, ताकि पानी के तेज दबाव को भी सह सके और क्षेत्र को सुरक्षित रख सके।विज ने इंडस्ट्रियल एरिया के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यहां से तैयार होने वाला सामान देशभर में भेजा जाता है, इसलिए इसका सुचारू संचालन बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए टांगरी नदी को भी गहरा करने का कार्य जारी है, जिससे पानी की निकासी बेहतर हो सके।इस परियोजना से अंबाला के उद्योगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और भविष्य में बाढ़ के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
