शिमला/संजू-:राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को कार्ट रोड पर अचानक हुए भूस्खलन से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा, पत्थर और मिट्टी सड़क पर आ गिरी, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से लगातार मलबा गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से घेर लिया और जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करने की व्यवस्था भी की गई, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और सड़क चौड़ीकरण के कार्य के कारण पहाड़ी की मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिससे यह भूस्खलन हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया और किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं मिली।मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
