राहुल चावला,धर्मशाला-:पर्यटन सीजन के आगाज के साथ ही जिला कांगड़ा के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी है।मैक्लोडगंज,धर्मशाला,धर्मकोट और भागसू में बढ़ती पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मैक्लोडगंज,धर्मकोट और भागसू में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।डीएसपी और एसएचओ स्तर के अधिकारी खुद मौके पर रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।वहीं,सड़कों पर पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती भी बढ़ाई गई है।त्रियुंड ट्रैक पर जाने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। ट्रैक के शुरुआती स्थान पर पर्यटकों का पंजीकरण किया जा रहा है। वन विभाग के साथ समन्वय कर फॉरेस्ट गार्ड और हेल्पर्स की तैनाती की गई है। मोबाइल नेटवर्क से बाहर रहने वाले इलाकों में पर्यटकों की मदद के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई है।मैक्लोडगंज में आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी की तैनाती की गई है।वहीं,नो-पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी है। अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान किए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर क्रेन से वाहनों को हटाया जा रहा है।
उधर,परौर में चल रहे तीन दिवसीय राधा स्वामी सत्संग को लेकर भी पुलिस ने ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया है।बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए अलग-अलग मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया गया है।परौर में करीब 150 पुलिस जवान और तीन डीएसपी स्तर के अधिकारी यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं।
