Shimla,Sanju(TSN)-शिमला नगर निगम ने ‘वेस्ट टू वंडर’पहल के तहत पर्यावरण संरक्षण का अनोखा तरीका अपनाया है।मालरोड़ पर एक लकड़ी से निर्मित रोबोट लगाया गया है, जो ‘ग्रीन शिमला, क्लीन शिमला’ का संदेश देगा। पहले जहां वेस्ट लकड़ी से बेंच और टेबल बनाए गए थे, वहीं अब इस अनूठे रोबोट के ज़रिए स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान की मौजूदगी में इस रोबोट का उद्घाटन किया गया। यह रोबोट शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा, और लोग इसके साथ सेल्फी लेकर जागरूकता मुहिम से जुड़ सकेंगे।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि देवदार शिमला की पहचान है,और नगर निगम द्वारा सड़क किनारे पड़े देवदार के ठूंठों का उपयोग कर बेंच और अब रोबोट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जोधा निवास,कालीबाड़ी और एजी ऑफिस के पास सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे और दादा-दादी पार्क में भी रोबोट स्थापित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। नगर निगम सभी पार्कों में लकड़ी के बेंच लगाने की योजना पर काम कर रहा है।साथ ही,प्रदेश सरकार से आग्रह किया जाएगा कि वन संपदा को संरक्षित कर उसे आय का स्रोत बनाया जाए।
