Shimla,Sanju(TSN)-ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को लेकर हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने कहा कि भारत की नीति शुरू से परमाणु हथियारों के पहले इस्तेमाल के खिलाफ रही है।लेकिन अगर पाकिस्तान उकसावे की कोशिश करता है,तो भारत उसकी हर चुनौती का जवाब देगा। उन्होंने साफ किया कि सेना की हर कार्रवाई को उनका पूरा समर्थन है।
भारत शांति चाहता है,लेकिन जवाब देना भी जानता है”
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने केवल आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया है।उन्होंने चिंता जताई कि पाकिस्तान में कई मदरसों को आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है,जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंक के खिलाफ भारत की कार्रवाई को पूरा देश और सभी राजनीतिक दलों का समर्थन मिला है।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया था कि इसका जवाब सेना देगी,और सेना ने यह कर दिखाया। पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियों से जुड़े 9 ठिकानों को निशाना बनाया गया। सेना ने कहा है कि उन्होंने केवल आतंक से जुड़े अड्डों को ही टारगेट किया है।उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई देश को तोड़ने की कोशिश करने वाली ताकतों के खिलाफ एक सख्त संदेश है। पाकिस्तान की ओर से भी जवाबी कदम उठाने की कोशिश हुई,जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भारत एक जिम्मेदार देश है और युद्ध नहीं,शांति चाहता है। लेकिन यदि कोई उकसाता है,तो भारत अपने तरीके से जवाब देने में सक्षम है।उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय से जो भी निर्देश आएंगे,राज्य सरकार उनका पूरा पालन करेगी।
