चिंतपूर्णी : विकास शर्मा ( TSN)- चिंतपूर्णी बस स्टैंड में पंजाब रोडवेज बस के कंडक्टर की होशियारी से बिना बताए घर से भागा एक नाबालिग बच्चा उसके परिवारवालों तक पहुंच गया है । नाबालिग लड़का टिंकू होशियापुर का रहने वाला है और दो दिन से अपने घर से बिना बताए चला गया था।लेकिन मंगलवार को शाम के समय पंजाब रोडवेज के कंडक्टर को जब इस लड़के पर शक हुआ, तो कंडक्टर ने इस लड़के को दो घंटे तक अपने पास रखा। बल्कि इसके परिवार वालों से सम्पर्क कर उनके बेटे के बारे में जानकारी भी दी।
जालंधर से हुआ था पंजाब रोडवेज की बस में सवार
बता दें कि फाजिल्का से चिंतपूर्णी रूट पर चलने वाली पंजाब रोडवेज की बस में जालंधर बस स्टेशन पर एक नाबालिग लड़का बस में बैठा।जब कंडक्टर ने इसको टिकट के लिए पूछा तो बच्चे ने चिंतपूर्णी की टिकट कटवाई। लेकिन कंडक्टर को इस नाबालिग लड़के पर शक हुआ और परिजनों के बारे में पूछा,तो लड़के ने कहा कि उसके परिवार वाले पहले ही चिंतपूर्णी पहुंच गए हैं और उसका इंतजार कर रहे हैं। लड़के के इस जवाब पर कंडक्टर को शक हुआ और उसने चिंतपूर्णी आने तक लड़के पर नजर बनाए रखी और जब चिंतपूर्णी बस स्टैंड आया,तो कंडक्टर ने लड़के से पूछा तुम्हारे माता पिता कहां है, तो लड़का कोई जबाब नहीं दे सका। जिसके बाद कंडक्टर ने लड़के से उसके घर वालों का नम्बर पूछा। जिसके बाद घर वालों से सम्पर्क होने पर घर वालों ने बताया कि ये हमारा लड़का है और घर से भागा हुआ है ।जिसके बाद कंडक्टर ने लड़के को दो घंटे अपने पास बैठाए रखा और घर से उसके नाना और अन्य परिवारिक सदस्यों के चिंतपूर्णी आने पर नाबालिग लड़के को उनके सुपर्द कर दिया।वही रोडवेज के कंडक्टर ज्वाला सिंह के इस कार्य की स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने काफी प्रशंसा की।
