टोहाना,17 अगस्त : सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार को टोहाना में कांग्रेस प्रत्याशी परमवीर सिंह के भाई कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह के निवास स्थान पर पहुंचे। उनके आगमन पर रणधीर सिंह के निवास पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका गर्म जोशी के साथ जोरदार स्वागत किया। यहां उन्होंने लोगों से टोहाना से कांग्रेस प्रत्याशी परमवीर सिंह को अधिक से अधिक वोट देने की अपील की।
पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की बयार
इस मौके पर उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की बयार चल रही है। प्रदेश की जनता इस बार बीजेपी सरकार को सबक सिखाने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि टोहाना से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है, बस अब इसका ऐलान होना ही बाकी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि फतेहाबाद जिला की तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी।उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की भारी बहुमत से जीत होगी और हरियाणा से बीजेपी को धराशाही कर उनके उम्मीदवार विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि टोहाना में माहौल पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है। इसमें फतेहाबाद से कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह का अहम योगदान है। टोहाना से कांग्रेस की एकजुटता के सवाल पर उन्होंने कहा कि टोहाना से कांग्रेस के सभी नेता एकजुट है। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो और जेजेपी बीजेपी की बी टीम है, जो हरियाणा की जनता को गुमराह कर उनसे धोखा कर रही है।
