Haryana,12 August-हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ.अरविंद कुमार शर्मा ने मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में राज्य के पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://archaeology.haryana.gov.in/ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह मंच हरियाणा की पुरातात्विक धरोहर और सांस्कृतिक समृद्धि को देश–दुनिया तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ.अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि यह डिजिटल पहल तकनीक के माध्यम से विरासत संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण है,जो पारदर्शिता, शिक्षा और जनभागीदारी को बढ़ावा देगी।उन्होंने उम्मीद जताई कि यह वेबसाइट न केवल हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने में सहायक होगी,बल्कि वैश्विक स्तर पर राज्य की पहचान को भी मजबूत करेगी।
वेबसाइट लॉन्च के मौके पर मंत्री ने विभाग के विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट पर राज्य संरक्षित स्मारकों,पुरातात्विक स्थलों, संग्रहालयों, खुदाई और शोध प्रकाशनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी। साथ ही,विभागीय योजनाओं,कार्यक्रमों और गतिविधियों की ताज़ा अपडेट भी इसमें सम्मिलित की जाएंगी, ताकि जनता सीधे जुड़ सके और राज्य की विरासत को करीब से जान सके।
