गुरुग्राम -:गुरुग्राम में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बड़े स्तर पर ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू किया है। शंकर चौक, साइबर हब, उद्योग विहार और सरहौल बॉर्डर जैसे व्यस्त इलाकों में वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए नए रूट तय किए गए हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग NH-48 पर लंबे समय से बंद पड़े कई डायवर्जन भी दोबारा खोल दिए गए हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दिल्ली-जयपुर हाईवे और उससे जुड़े प्रमुख चौराहों पर रोजाना भारी वाहनों और ऑफिस टाइम की भीड़ के कारण लंबा जाम लग जाता था। नई व्यवस्था के तहत दिल्ली, साइबर हब और उद्योग विहार की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।अधिकारियों का कहना है कि इससे ट्रैफिक का बेहतर वितरण होगा और सफर पहले की तुलना में अधिक आसान बनेगा।फिलहाल इस नई व्यवस्था को ट्रायल के तौर पर लागू किया गया है।ट्रैफिक पुलिस लगातार इसकी निगरानी कर रही है और लोगों से नए रूट, साइन बोर्ड और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।यदि यह प्रयोग सफल रहा तो आने वाले दिनों में इसे अन्य व्यस्त इलाकों में भी लागू किया जा सकता है।
