हमीरपुर,अरविंद-:उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर,दियोटसिद्ध से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू की गई है।अब देश और विदेश में रहने वाले भक्त मंदिर आए बिना भी बाबा का विशेष प्रसाद अपने घर मंगवा सकेंगे। मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंडिया पोस्ट के सहयोग से ऑनलाइन प्रसाद वितरण सेवा शुरू की है।मंदिर की प्रबंधक एवं उपायुक्त गंधर्व राठौर ने बताया कि श्रद्धालु मंदिर ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से विशेष प्रसाद पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।बुकिंग के बाद इंडिया पोस्ट के जरिए प्रसाद सीधे उनके घर पहुंचाया जाएगा।इस पहल का उद्देश्य उन भक्तों तक भी बाबा का आशीर्वाद पहुंचाना है,जो किसी कारणवश मंदिर नहीं आ पाते।
उपायुक्त गंधर्व राठौर ने बताया कि विशेष प्रसाद पैकेज में बाबा को अर्पित रोट,पवित्र जल,अखंड धूने की विभूति,चांदी की सिंघी, धूप तथा पवित्र सिंदूर जैसी धार्मिक सामग्री शामिल की गई है।मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस सुविधा से देश-विदेश में बसे लाखों श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा और वे घर बैठे ही बाबा बालक नाथ का प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे।इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन कमरा बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। अब श्रद्धालु मंदिर परिसर स्थित सराय भवन में ठहरने के लिए भी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पहले से कमरा आरक्षित कर सकते हैं।इससे यात्रा के दौरान उन्हें ठहरने की व्यवस्था को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।मंदिर प्रशासन का कहना है कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को अधिक पारदर्शी,सरल और सुविधाजनक व्यवस्था मिलेगी,जिससे उनकी धार्मिक यात्रा पहले की तुलना में और अधिक सुगम बन सकेगी।
