अंबाला–:चीनी के बाद अब प्याज के बढ़ते दामों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।अंबाला में पिछले कुछ दिनों में प्याज के दामों में करीब 20 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है।मंडी आढ़तियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के चलते पीछे से प्याज की आवक प्रभावित हुई है, जिसके कारण कीमतों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। उनका दावा है कि बारिश रुकने के बाद प्याज के दामों में फिर से गिरावट आ सकती है। वहीं,बढ़ी कीमतों के कारण दुकानदारों को भी ग्राहकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
अंबाला में महंगाई के बीच अब प्याज के दामों में अचानक उछाल देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों में प्याज करीब 20 रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है। त्योहारों के सीजन में बढ़े हुए दामों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मंडी के आढ़ती और वाइस चेयरमैन सुरेंद्र बिंद्रा के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण प्याज की आवक कम हुई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। उनका कहना है कि मौसम साफ होने के बाद प्याज की आवक बढ़ेगी और दाम सामान्य हो सकते हैं।वहीं प्याज विक्रेताओं का कहना है कि कुछ दिनों से प्याज के दाम अचानक बढ़े हैं।कीमत बढ़ने का असर बिक्री पर भी पड़ा है और ग्राहक पहले की तुलना में कम प्याज खरीद रहे हैं।बढ़े हुए दामों का असर सिर्फ दुकानदारों पर ही नहीं, बल्कि प्याज खरीदने पहुंचे आम लोगों पर भी पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि प्याज की गुणवत्ता बाजार में ठीक है,लेकिन अचानक बढ़ी कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।लोगों के मुताबिक चीनी के बाद प्याज के दाम बढ़ने से महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।
