शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष बिना मुद्दे के राजनीति कर रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए सरकार ने व्हाइट पेपर कमेटी का गठन किया है। कमेटी अपनी जांच पूरी करने के बाद सामने आए तथ्यों को जनता के सामने रखेगी।सुक्खू ने विधानसभा में रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष के वॉकआउट को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान रोजगार से जुड़े सवाल पर करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई। विपक्ष को सवाल पूछने और अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद भाजपा विधायक दल ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष को पर्याप्त समय दिया और रोजगार के मुद्दे पर चर्चा भी कराई गई।ऐसे में बार-बार अतिरिक्त सवाल पूछने की जिद करना और फिर सदन से बाहर चले जाना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि विपक्ष को विधानसभा के भीतर रहकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।सुक्खू ने कहा कि विधानसभा में अभी स्वास्थ्य और रोजगार समेत कई अहम विषयों पर चर्चा होनी है।सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्ता पक्ष किसी भी मुद्दे पर चर्चा से पीछे नहीं हटेगा और विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले सवालों का तथ्यों के साथ जवाब दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि व्हाइट पेपर कमेटी की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे,उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की जनता के सामने पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े मामलों की वास्तविक स्थिति रखना है।
