Haryana,18 September – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर नगर परिषद की जमीन पर हो रहे कथित अवैध कब्जों का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सैनी पर निशाना साधा।
उदयभान ने आरोप लगाया कि होडल नगर परिषद प्रशासन पहले से ही गांव गढ़ी पट्टी में करीब 50 करोड़ रुपये की परिषद भूमि पर अवैध कब्जों के मामले में कार्यवाही करने में नाकाम रहा है।इसी बीच, शहर में एक और विवादास्पद मामला सामने आया है,जिसमें भाजपा विधायक हरेंद्र रामरतन के नज़दीकी एक मनोनीत पार्षद और उसके भाई पर आरोप है कि उन्होंने जोहड़ की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों की मिलीभगत से लगभग 800 वर्ग गज भूमि पर अवैध कब्ज़ा दर्ज करवा कर प्रॉपर्टी आईडी तक बनवा ली गई। उनका कहना था कि यह करोड़ों की जमीन “कौड़ियों के दाम” पर कब्ज़ाने की साजिश है।उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने पहले भी मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर नगर परिषद अधिकारियों की जांच की मांग की थी,लेकिन कार्रवाई न होने के कारण कब्जों का सिलसिला जारी है।उदयभान ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने विधायक और पार्षद से जवाब मांगना चाहिए कि आखिर सरकारी भूमि पर कब्ज़े क्यों हो रहे हैं।कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अवैध कब्ज़ों को रोकने के बजाय सत्ता पक्ष के समर्थक ही उन्हें बढ़ावा दे रहे हैं।
