शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में तेज बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध और जलभराव की घटनाएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर नदियों और खड्डों का जलस्तर बढ़ने से लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। खराब मौसम को देखते हुए कुछ जिलों में एहतियात के तौर पर शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता से संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी संबंधित विभागों और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं।मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि बिना अत्यंत आवश्यक कारण के घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
