शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है।वहीं,ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई है।मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई,जबकि कांगड़ा जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।प्रदेश में सबसे अधिक बारिश कांगड़ा में करीब 70 मिलीमीटर दर्ज की गई,जबकि धर्मशाला में करीब 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।इसके अलावा शिमला, सिरमौर,मंडी और किन्नौर में भी मध्यम बारिश हुई है।वहीं किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी देखने को मिली है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप के मुताबिक 28 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जैसे मैदानी जिलों के साथ-साथ मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।हालांकि 29 सितंबर से मौसम में सुधार के संकेत हैं।इस दौरान कांगड़ा और मंडी के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है।पिछले 48 घंटों से जारी बारिश और बादलों के कारण प्रदेश में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा।कल्पा में दिन का तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से लगभग 12 डिग्री कम है।वहीं नाहन में करीब 21 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ,जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम रहा।शिमला,बिलासपुर,हमीरपुर और कांगड़ा समेत अन्य क्षेत्रों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम साफ होने के बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मानसून की विदाई पर अभी इंतजार
मौसम वैज्ञानिक संदीप ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से मानसून की आधिकारिक विदाई को लेकर अभी इंतजार है।30 सितंबर के बाद मौसम साफ होने और परिस्थितियां अनुकूल बनने के बाद ही मानसून के विड्रॉल को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 28 सितंबर तक प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से करीब 12 फीसदी कम रही है,जिसे सामान्य श्रेणी में माना जाता है। जिला स्तर पर लाहौल-स्पीति में सामान्य से करीब 65 फीसदी और हमीरपुर में करीब 34 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है।सोलन और मंडी में बारिश सामान्य से लगभग 16 से 17 फीसदी कम रही।वहीं किन्नौर में सामान्य से करीब 18 फीसदी अधिक और शिमला में करीब 13 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।प्रदेश के बाकी जिलों में बारिश सामान्य के आसपास रही है।
