शिमला, संजु चौधरी ( TSN)-रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज विभिन्न संगठनों से जुड़े सदस्यों ने राजभवन आकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को राखी बांधकर शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व राज्यपाल ने आज प्रातः यहां राजभवन परिसर में बने शिव मंदिर में ‘‘रुद्राभिषेक’’ का आयोजन किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। राज्यपाल की धर्मपत्नी जानकी शुक्ला भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। राज्यपाल के सचिव सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, पंथाघाटी तथा सुन्नी केन्द्र की ब्रह्माकुमारियों ने राज्यपाल को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की। रोटरी क्लब शिमला के सदस्यों तथा शिमला जिले के बसंतपुर के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी रक्षा सूत्र बांधकर राज्यपाल के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों एवं अन्य सदस्यों ने भी राज्यपाल को बधाई दी तथा राखी बांधी।राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का यह पावन त्यौहार हमें अपनी उच्च परम्पराओं एवं मूल्यों से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।राज्यपाल ने सभी को इस पावन त्यौहार की शुभकामनाएं भी दी। राज्यपाल ने उन्हें पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
–
