फरीदाबाद-:फरीदाबाद नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है।सेक्टर-19 इलाके में सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक सफाई कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि निगम की शिकायत बंद करने के लिए दो कर्मचारी सीवर टैंक में उतरे थे।इनमें से एक कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आया,जबकि दूसरा कर्मचारी जहरीली गैस और दम घुटने के कारण अपनी जान गंवा बैठा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और साथी कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर में उतारा जाता है।सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्षद और JE के दबाव में कर्मचारियों को सीवर टैंक में उतरने के लिए मजबूर किया गया।
कर्मचारी नेताओं ने JE,SDO और XEN को इस मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि निगम प्रशासन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।उनका कहना है कि कर्मचारियों को न गैस मास्क दिए जाते हैं,न ऑक्सीजन सिलेंडर,न सुरक्षा बेल्ट और न ही अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं।उन्होंने बताया कि महज दो दिन पहले भी इसी तरह की घटनाओं में दो कर्मचारियों की जान जा चुकी है,लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया।कर्मचारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा,परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद सफाई कर्मचारियों में भय और रोष का माहौल है।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
