राहुल चावला ,धर्मशाला ( TSN)– देवभूमि हिमाचल के जिला कांगड़ा स्थित शक्तिपीठों में वीरवार से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से नवरात्र के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नवरात्रों के दौरान शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था अहम कड़ी रहती है। ऐसे में नवरात्रों के दौरान जिला के तीनों शक्तिपीठों में सीसीटीवी के साथ ड्रोन से निगरानी की जाएगी। साथ ही तीनों शक्तिपीठों में एक-एक रिजर्व तैनात की गई है। नवरात्र के दौरान हर गतिविधि पर पुलिस पैनी नजर रखेगी।
नवरात्रों को लेकर शक्तिपीठों में सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। नवरात्रों में उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने हेतू पुलिस ने तैयारी की है। जगह-जगह पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था के साथ पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।दर्शनों के साथ खडड में डुबकी लगाते हैं. श्रद्धालु श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम के साथ लगती खडड का अपना महत्व है, जहां देवी दर्शनों को आने वाले श्रद्धालु डुबकी लगाते हैं। खडड किनारे भी पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। साथ ही लोगों को भी खडड में ज्यादा पानी आने पर पानी में उतरने बारे जागरूक किया जाएगा।
कीमती सामान न लाएं साथ
जिला पुलिस ने देवी दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं से अपने साथ कोई कीमती सामान न लेकर आने की अपील की है। भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को नुकसान उठाना पड़ सकता है।हालांकि पुलिस की ओर से निगरानी के लिए हर इंतजाम किए गए हैं, लेकिन फिर भी शातिर लोग ऐसी घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आते। ऐसे में पुलिस ने कीमती सामान साथ न लाने का आग्रह श्रद्धालुओं से किया है। नवरात्रों के लिए जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए हैं। शक्तिपीठों एक-एक रिजर्व तैनात रहेगी। नवरात्रों के दौरान सीसीटीवी से मंदिर परिसरों की निगरानी की जाएगी। साथ ही इस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन की भी मदद ली जाएगी।
