पलवल,23 अप्रैल -हरियाणा के गौरव गौतम ने पलवल में आभूषण विक्रेता के साथ हुई लूट की वारदात के खुलासे के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और भरोसा दिलाया कि सरकार व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मंत्री के दौरे के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने उनका गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का माहौल बना रहे।गौरव गौतम ने कहा कि पलवल जिले में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नागरिक अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जबकि शहर में लगभग 850 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा 25 करोड़ रुपये से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम का जीर्णोद्धार और 100 करोड़ रुपये से सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा रहा है। आगरा चौक और हुड्डा चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जारी है।उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे बाजार में अतिक्रमण न करें, ताकि ग्राहकों की आवाजाही बढ़े और व्यापार को बढ़ावा मिले। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के आदेश पर ग्रीन बेल्ट में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की जा रही है, जिसे लेकर विपक्ष अनावश्यक राजनीति कर रहा है।मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों को उनकी भाषा में जवाब दिया जाएगा।
