कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)- हिमाचल में कुल्लू की लगघाटी और मंडी के जोगिंदर नगर को जोड़ने वाली टनल का निर्माण जल्द होगा। क्योंकि केंद्र सरकार देश में इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है और टनल भी केंद्र की भाजपा सरकार के प्रयासों से जल्द बनाई जाएगी। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने यह बात लगघाटी के भलयानी गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
घाटी में जल्द शुरू होगी फिल्मों की शूटिंग
मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत अपने एक दिवस के दौरे के चलते भलयानी गांव पहुंची। जहां पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान एक जनसभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें कंगना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लगघाटी भी प्राकृतिक सौंदर्य से भरी हुई है और मनाली की तरह यहां पर भी जल्द ही फिल्मों की शूटिंग की जाएगी। इसके लिए फिल्म प्रोडक्शन हाउस से बात की जाएगी ताकि यहां पर भी फिल्मों की शूटिंग हो सके। कंगना रनौत ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी में भी के ध्यान में भी भुभू टनल का मामला है। इससे पहले कोई भी सरकार इसका निर्माण नहीं कर पाई है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी इस मामले में देरी बरत रही है। लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार के द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया है और अब जल्द ही इस टनल के निर्माण की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताओं को भी पूरा किया जा रहा है।
