बिलासपुर, सुभाष ठाकुर ( TSN)-बिलासपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल के तहत नॉर्थ ज़ोन का पहला क्रूज़ पहुँच चुका है, जिसे गोविंद सागर झील में जल्द ही चलाया जाएगा । उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर में पहले ही मोटरबोट, जेटस्की और रेस्क्यू बोट्स जैसी सुविधाएँ आ चुकी हैं, और अब जल्द ही क्रूज़ भी तैयार हो जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में 5 से 6 दिन का समय और लगेगा।
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि इस कदम से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। पिछले एक साल से बिलासपुर प्रशासन और पर्यटन विभाग द्वारा बिलासपुर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा इसके अलावा अब कोलडैम में भी वाटर स्पोर्ट्स को प्रोत्साहित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है, जिससे आने वाले समय में वहाँ भी क्रूज़ और शिक्कारा जैसी सुविधा शुरू होंगी। उन्होंने कहा यह पहल बिलासपुर को देश के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
