हमीरपुर-:सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कक्कड़ गांव में एक अनोखी और दिल को छू लेने वाली शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां हिमाचल की बेटी रुक्मिणी देवी ने साउथ अफ्रीका से आए युवक के साथ सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात चंडीगढ़ के एक कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। पढ़ाई के साथ शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और अब दोनों ने अपने रिश्ते को शादी के पवित्र बंधन में बांध लिया।रुक्मिणी देवी, जो कि कक्कड़ गांव, तहसील बमसन, जिला हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) की रहने वाली हैं, के पिता सूबेदार प्रीथी सिंह (पुत्र स्वर्गीय नेगी राम) और माता सविता देवी हैं। परिवार ने इस रिश्ते को पूरे दिल से स्वीकार किया और शादी को पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से सम्पन्न किया गया। सुजानपुर के पौराणिक राधा कृष्ण मंदिर में यह सब शादी पूर्ण हुई
शादी के दौरान साउथ अफ्रीका से आए दूल्हे ने हिमाचली संस्कृति को खूब अपनाया। पारंपरिक वेशभूषा, नाटी और स्थानीय रस्मों में हिस्सा लेते हुए वह पूरी तरह से हिमाचली रंग में रंगे नजर आए। दोनों परिवारों ने मिलकर इस खास मौके को यादगार बना दिया।यह शादी न सिर्फ दो लोगों का मिलन है, बल्कि दो संस्कृतियों का खूबसूरत संगम भी है, जो यह साबित करता है कि प्यार की कोई सरहद नहीं होती।
