यमुनानगर (एकता): यमुनानगर के मेयर मदन चौहान ने स्वच्छता के प्रति लोगों को कुछ अलग अंदाज में अपील की। बता दें कि मेयर ने ई-रिक्शा चलाकर स्वच्छता की ओर एक अनूठी पहल की। शहरवासी उन्हें ई-रिक्शा वाहन चलाते देख हैरान रह गए। सूत्रों के मुताबिक शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की तरफ से विशेष कचरा उठान अभियान खुले स्थानों और खाली प्लाटों में पड़े गंदगी के ढेर साफ किए। लेकिन फिर भी लोग निगम के वाहन में कचरा डालने की बजाए खुले में कचरा फेंक रहे हैं। जिससे अब कचरा फेंकने वालों का चालान शुरू कर दिया गया है।

मदन चौहान ने खुद ई-रिक्शा चलाकर इस पहल की शुरूआत की। प्रचार यात्रा के रूप में जागरूकता अभियान के चलते रेलवे रोड, रादौर रोड, छोटी लाइन, मीरा बाई बाजार और जगाधरी वर्कशॉप रोड पर दुकानदारों और आमजन को खुले में कचरा न डालने के प्रति अपील की गई। अगर किसी ने खुले में कचरा डाला तो उसकी फोटो खींचकर निगम के व्हाट्सएप नंबर पर भेजें। मेयर मदन चौहान की साथ वाली सीट पर अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार बैठे। इन्होंने जहां खुले में गंदगी पड़ी मिली, वहां दुकानदारों को चेतावनी दी और संबंधित सफाई निरीक्षकों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
