Dharamshala- बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा का 90वां जन्मदिन दुनियाभर के तिब्बती समुदाय के लिए एक आध्यात्मिक उत्सव बन गया है। भारत से लेकर विदेशों तक, हजारों तिब्बती इस दिन को हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। धर्मशाला स्थित ग्लोबल सिटी मैक्लोडगंज में आज तिब्बती समुदाय के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए हैं। निर्वासित तिब्बत सरकार (CTA) के कई सांसद भी इस ऐतिहासिक मौके पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर CTA के सांसद तेंजिन जिगडेल ने कहा कि पूरे तिब्बती समुदाय में खुशी और गर्व की लहर है। उन्होंने बताया कि दलाई लामा ने हाल ही में यह स्पष्ट कर दिया है कि “दलाई लामा संस्थान” आगे भी बरकरार रहेगा, और भविष्य में गाडेन फोडरंग ट्रस्ट के माध्यम से ही अगली दलाई लामा की नियुक्ति की जाएगी। तेंजिन जिगडेल ने कहा किचीन जो भी कहे, उसे अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। दलाई लामा का चयन बौद्ध पद्धति से होता है और उसमें किसी बाहरी दखल की कोई जगह नहीं है।”
ETG सांसद नामग्याल डोलकर लाहग्यारी ने कहा कि यह बेहद सौभाग्य की बात है कि दलाई लामा जैसे महान अध्यात्मिक नेता 90 वर्षों से दुनिया को शांति, करुणा और मानवता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगली दलाई लामा की नियुक्ति एक गंभीर और धार्मिक प्रक्रिया है, जिसे सिर्फ बौद्ध परंपरा के अनुसार ही संचालित किया जाएगा।दलाई लामा के जन्मदिवस पर धर्मशाला में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन हो रहे हैं। इस मौके पर सभी तिब्बती अनुयायियों ने उनकी दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।
