मंडी : धर्मवीर ( TSN)- मंडी पुलिस के सदर थाना के अंतर्गम आने वाली पुलिस चौकी पंडोह की टीम पर दोषियों के खिलाफ कार्यवाई करने की बजाय उलटा पीडितों को तंग करने के आरोप लगे है। इन आरोपों के साथ आज ग्राम पंचायत पंडोह का एक प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान गीता देवी के नेतृत्व में एसपी मंडी साक्षी वर्मा से मिला और पंडोह चौकी की टीम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े करते हुए स्टॉफ को बदलने की मांग उठाई।
दोषियों पर कार्यवाई करने की बजाय पीड़ितों पर ही हो रहा अत्याचार
प्रतिनिधिमंडल के साथ आए पीड़ित बिट्टू ने बताया कि बीते कुछ दिन पूर्व रात के समय उनके साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई। जिसके बाद तीन दिन वह अस्पताल में पड़ा रहा। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद पंडोह पुलिस ने अपराधियों को सबक सिखाने बजाय उन्हें ही तंग करना शुरू कर दिया। उन्हें चौकी बुला कर दिन भर बैठाए रखा लेकिन दूसरे पक्ष से किसी प्रकार की सख्ती नहीं की गई। वहीं पीड़ित की पत्नी का आरोप है कि उनके साथ पुलिस चौकी पंडोह में अधिकारी के द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। पंडोह के इस पीड़ित परिवार का कहना है कि वह गरीब हैं शायद इसलिए उन्हें न्याय के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। पंडोह पंचायत प्रधान गीता देवी ने बताया कि पिछले कुछ समय से पंडोह चौकी की टीम अपने दायिव्व का सही से निर्वहन नहीं कर रही है। इलाके में नशा माफिया के साथ अपराधिक गतिविधियां लगातार बढ रही है और जो कि सही नहीं है। पुलिस के उच्चाधिकारियों को इस ओर ध्यान देने की सख्त जरूरत है।
पुलिस अधीक्षक का कहना ये
वहीं जब इस बारे में पुलिस अधीक्षक मंडी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस ने मारपीट मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने पीड़ित की मांग पर इस केस के आईओ को बदलने का भी आश्वासन दिया। वहीं पुलिस चौकी पंडोह के पूरे स्टॉफ को बदलने की मांग को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक आश्वासन प्रतिनिधिमंडल को दिया।
