मंडी : धर्मवीर ( TSN)-चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे एक बार फिर से रातभर यातायात के लिए बंद रहा। इस बार हाईवे एक नहीं बल्कि दो स्थानों पर बंद हो गया था। करीब 13 घंटों के बाद आज सुबह इसे एकतरफा यातायात के लिए बहाल किया जा सका है।
रात 9 बजे खोतीनाला के पास सड़क पर पलट गया था बड़ा ट्राला
बता दें कि पहला घटनाक्रम पंडोह के औट के बीच आने वाले खोतीनाला के पास घटित हुआ। यहां एक भारी-भरकम मशीनरी को लेकर जा रहा बड़ा ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पटल गया। इस कारण हाईवे यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद यहां पर छोटे वाहनों की आवाजाही को रात को ही सुनिश्चित कर दिया गया और छोटे वाहनों को आगे भेज भी दिया गया लेकिन बड़े वाहन रात भी यहीं पर फंस रहे। सुबह बड़ी मशीनें मौके पर आने के बाद ट्राले को एक तरफ हटाया गया जिसके बाद यहां हाईवे बड़े वाहनों के लिए एकतरफा यातायात के लिए बहाल हो पाया है।दूसरा घटनाक्रम रात 11 बजे मंडी से पंडोह के बीच 9 मील के पास हुआ। यहां पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण हाईवे यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया। बता दें कि इससे पिछली रात को भी यहां भारी लैंडस्लाइड होने से हाईवे रात भर बंद रहा था और इसकी चपेट में एक ट्रक और जीप भी आ गए थे। इस बार कोई वाहन तो इसकी चपेट में नहीं आया लेकिन सुबह मशीनें काम पर लगने के बाद मलबा हटाया गया और तब जाकर 9 बजे के करीब इसे भी यातायात के लिए बहाल किया जा सका।
लोगों ने रात भर डर के साए में गुजारी रात
हाईवे के बंद होने की सूचना मिलने के बाद मंडी जिला पुलिस ने यातायात को मंडी और औट के पास ही रोकना शुरू कर दिया था। लेकिन जो वाहन पहले से आगे चले गए थे उन्हें डर के साए में रात गुजारनी पड़ी। रात भर बारिश भी होती रही जिसके कारण डर का माहौल अधिक देखने को मिला। कुछ छोटे वाहनों ने वैकल्पिक मार्गों से भी अपनी यात्रा की।
